संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शुक्रवार को साइबर क्राइम पुलिस टीम ने हनुमान वाटिका में नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। टीम ने उपस्थित लोगों को बताया कि ऑनलाइन खरीदारी, लोन एप, नौकरी के झूठे ऑफर, क्यूआर कोड, बैंक कॉल या फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसके तहत किसी भी लिंक, कॉल या संदेश पर अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, बैंक विवरण या डेबिट कार्ड नंबर साझा न करने की सलाह दी गई।
साइबर टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है, इसलिए अपने परिवार और मित्रों को भी इन सावधानियों के बारे में अवश्य बताएं।