संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बस स्टैंड स्थित रोडवेज कार्यशाला में बुधवार को साइबर थाना कैथल की टीम ने रोडवेज कर्मचारियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की टीम ने किया।
टीम ने बताया कि डिजिटल युग में तकनीक ने जहां आम जनजीवन को सुविधाजनक बनाया है, वहीं साइबर अपराधियों ने इसका दुरुपयोग कर नए-तरीकों से ठगने की घटनाएं बढ़ा दी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को संदिग्ध लिंक, कॉल, ईमेल या संदेशों से सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने और ऑनलाइन खरीदारी में सतर्कता बरतने की सलाह दी।
टीम ने आगाह किया कि सोशल मीडिया पर फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट और मैसेज से अपराधी विश्वास जीतते हैं और फिर ठगी को अंजाम देते हैं। वे लोगों के खातों से झांसा देकर रुपये उड़ा लेते हैं।