संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरोही स्कूल ग्योंग में विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. मनीष सिंगला के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को जीवन में स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व पर जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय चावला ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से स्वच्छ भारत, हरित भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि शारीरिक स्वास्थ्य शरीर को मजबूत और फिट रखता है, मानसिक स्वास्थ्य भावनात्मक स्थिरता को बढ़ावा देता है और सामाजिक स्वास्थ्य संबंधों को बेहतर बनाता है।
डॉ. चावला ने व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए नियमित हाथ धोने, रोज़ाना नहाने, दिन में दो बार ब्रश करने, नाखून साफ और छोटे रखने तथा साफ कपड़े पहनने जैसे टिप्स दिए। उन्होंने पर्यावरणीय स्वच्छता पर जोर देते हुए अपशिष्ट निपटान, रुके हुए पानी से बचाव और स्वस्थ वातावरण के लिए पेड़ लगाने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन क्विज के माध्यम से अपनी समझ का आकलन किया। बच्चों ने जाना कि स्वास्थ्य और स्वच्छता ही सुखी और सफल जीवन की नींव हैं।