संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में कलायत नगरपालिका ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए 100 में से 78 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। रैंकिंग को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाएं जाएंगे। लोगों को भी चाहिए कि मकानों का कचरा सड़क पर फेंकने से परहेज करें।
यह बात नगरपालिका सचिव पवन शर्मा ने कही। उन्होंने बताया कि कलायत नगर परिषद स्वच्छता को लेकर पूर्णतः सजग है और डोर-टू-डोर कचरा उठान एजेंसी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मकानों का कचरा सड़कों पर न फेंकें और दो अलग-अलग डस्टबिन का प्रयोग करें—एक में गीला (रसोई) कचरा और दूसरे में सूखा कचरा रखें।
सचिव ने कहा कि जब कचरा संग्रहण वाहन आए, तो निर्धारित हिस्से में दोनों प्रकार का कूड़ा डालें। यदि कोई वाहन नियमित रूप से नहीं आ रहा, तो उसकी जानकारी तुरंत नगरपालिका को दें, जिससे एजेंसी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और डंप यार्ड प्रबंधन जैसे मापदंडों पर मिले इन अंकों के आधार पर कलायत ने जिला स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले में पूंडरी नगरपालिका 79 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर रही है।
जबकि केवल 32 प्रतिशत अंक हासिल कर चीका सबसे निचले पायदान पर रही। राजौंद ने 61 प्रतिशत, कैथल 43 प्रतिशत और सीवन नगरपालिका ने 42 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।