कैथल। यातायात थाना प्रभारी रमेश लौहान ने बस अड्डे पर ऑटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने चालकों से कहा कि वे ऑटो चलाते समय निर्धारित नियमों का पालन करें और यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। ऑटो को सड़क पर निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। थाना प्रभारी ने चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध दस्तावेज और वाहन की फिटनेस सहित अन्य जरूरी नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए प्रत्येक चालक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करे। इस दौरान चालकों ने भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया।