चीका थाना में विवाहिता को जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विवाहिता जसबीर कौर ने बताया कि करीब दो साल पहले उसे पति की मृत्यु को चुकी है। उसके दो बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा हरमिंद्र सिंह कनाडा गया हुआ है, छोटी बेटी परविंद्र कौर व बेटा दिलराज सिंह उसके पास रहता है। पीड़िता के माता-पिता भी उसी के पास रहते है। पति की मृत्यु के बाद उसका जेठ नरेंद्र सिंह जमीन के बंटवारे को लेकर उसके साथ रंजिश रखता है। पहले भी कई बार इसी बात पर कहासुनी हुई, जिसकी शिकायत संबंधित थाना में की गई। आरोपी ने खुद की जमीन बेची हुई है और पीड़िता ने अपनी जमीन ठेके पर दी हुई है। उक्त जमीन पर धान की रोपाई के लिए लेबर लगी हुई थी। आरोपी नरेंद्र सिंह, मनोज, धर्म सिंह लेबर को खेत छोड़ने की धमकी देकर महिला के घर के अंदर आए, पीड़िता ने इसका विरोध किया तो मनोज व धर्म सिंह ने उसे पकड़ लिया व उसके जेठ नरेन्द्र सिंह ने उसे जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना की सूचना पाकर लड़की व मेरा पिता मौके पर पहुंचे। आरोपी समस्त परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर तीन आरोपियों नरेंद्र, मनोज, धर्मसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।