कैथल। नगर परिषद की राजकीय विद्यालय के निकट स्थित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने नरवाना निवासी आरोपी प्रेम नगर नरवाना जिला जींद निवासी प्रेम नारायण को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही है। इस मामले में एक आरोपी को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत 26 जून 2020 को रजनी कॉलोनी कैथल निवासी जगरूप ने उपायुक्त कैथल को शिकायती पत्र दिया। इसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह ने छात्रावास रोड 137 वर्ग गज जो कि मालिकाना हक नगर परिषद कैथल का है, लेकिन अन्य व्यक्ति वैसाखी द्वारा एक फर्जी असेसमेंट लगा कर रजिस्ट्री करवा ली है। रजिस्ट्री नंबर 354 रजिस्टर लेखक विजय शर्मा और रमेश नंबरदार ने दावेदार गुड्डी देवी, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह के साथ मिली भगत करके नगर परिषद की जमीन की रजिस्ट्री करवा ली गई है।
इसके साथ ही 49 सी 19 यू 356 पुरानी आबादी खरादिया मोहल्ला जिसकी असेसमेंट रिकॉर्ड 2019-20 दिखा कर नरवाना के घसो गांव निवासी जगरूप सिंह ने नरवाना के प्रेम नगर निवासी रामनारायण के नाम नायब तहसीलदार के साथ मिलीभगत कर 19 जनवरी 2020 को यह रजिस्ट्री करवा दी जबकि नगर परिषद रिकॉर्ड में वर्ष 2019-20 का रिकॉर्ड है ही नहीं।
इस शिकायत की जांच जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार ने की। इसकी जांच रिपोर्ट व शिकायत पर थाना शहर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। एसपी के आदेशानुसार मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी। मामले में पहले ही एक आरोपी जिला जींद के घसो गांव के जगरूप को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस ने दूसरे आरोपी प्रेम नारायण को दबोचा है।