कैथल। गांव खानपुर की एक महिला ने दुकानों पर अवैध कब्जा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता बाला देवी पत्नी रामकुमार ने पुलिस अधीक्षक कैथल को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने पट्टी अफगान, मलिक नगर कैथल में अपने व भाई शिवराम के नाम पर करीब दो वर्ष पहले दो दुकानें खरीदी थीं। आरोप है कि अमन उर्फ काला, सोनू बगौरा सहित 15-20 लोगों ने दुकानों पर कब्जा करने की कोशिश की। पहले भी शिकायत पर जांच में फर्जी बयाना सामने आया था और समझौता हुआ था। 14 दिसंबर 2025 को आरोपी दुकानों पर निर्माण करवा रहे थे। विरोध करने पर महिला व उसके बेटे के साथ धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद