ढांड (कैथल)। अपने प्लाॅट में घर का निर्माण करा रहे दिव्यांग पर पांच लोगों ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें चार-पांच व्यक्ति एक दिव्यांग की पिटाई करते नजर आ रहे हैं और वीडियो में आवाज सुनाई दे रही है।
ढांड पुलिस को दी शिकायत में कौल निवासी दिव्यांग बलवान ने आरोप लगाया है कि वह अपने प्लाॅट में मकान बनाने का काम करा रहा था। पड़ोस में रहने वाले कर्ण सिंह ने अपने चार साथियों के साथ वहां पर आया और उसके साथ गालीगलौज करने लगा। जब उसने इस बात का विरोध किया तो उक्त आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे उसे गहरी चोटें आई है।
उसने बताया कि उसके भाई और मां ने बीचबचाव करके उसकी जान बचाई। इसके बाद उक्त आरोपी ने अपने साथियों को घर से लाठी और गड़ांसी मंगवाई। शोर सुनकर मेरी पत्नी और बच्चे भी मौके पर आ गए और आरोपियों को ऐसा करने से रोकने लगे तो कर्ण सिंह ने कहा कि तुझे परिवार सहित जान से मारेंगे। पीड़ित बलवान सिंह और उसका परिवार इस घटना के बाद से सहमे है। उसने पुलिस प्रशासन से अपनी व अपने परिवार की जान की सुरक्षा की मांग है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ढांड थाना प्रभारी राजेंद्र ने बताया कि कौल निवासी बलवान सिंह ने मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।