संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के ओर से दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग व वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए नापतोल शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर छह से 10 जनवरी तक विभिन्न खंडों में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी डीसी एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष प्रीति ने दी है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों की सहायतार्थ जिले में खंड स्तर पर एल्मिको कानपुर की टीम की ओर से तिपहिया साइकिलें, व्हील चेयर, कानों की सुनने वाली मशीनें, बैशाखी, चलने की छड़े, कमोड के साथ व्हील चेयर, फोल्डिंग वॉकर, अन्य सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग के लिए नापतोल शिविरों का आयोजन होगा।
ये शिविर सुबह 10 बजे से छह जनवरी को न्यू रेडक्रॉस भवन कैथल में, सात जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी चीका में, आठ जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय कलायत में, नौ जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय पूंडरी में, 10 जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय राजौंद में आयोजित किए जाएंगे।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने बताया कि दिव्यांगजन अपने साथ 40 प्रतिशत दिव्यांगता होने का प्रमाण-पत्र, नियोक्ता / संस्था के प्रमुख / ग्राम प्रधान / तहसीलदार / राज्य के सक्षम राजस्व प्राधिकारी की ओर से जारी लाभार्थी या अभिभावक के आय प्रमाण-पत्र की प्रति लेकर आएं। उन्होंने बताया कि उपकरण निशुल्क वितरण के लिए मासिक आय 22500 रुपये से कम या इसके बराबर होनी चाहिए। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए अपने साथ आधार कार्ड की प्रति, बीपीएल कार्ड / पेंशन प्रमाणपत्र आदि आवश्यक है।