संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में सोमवार को सिसला धाम में बाबा श्याम का मेला लगा। सुबह चार-पांच बजे ही श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। देर शाम तक भी श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहा। दिनभर में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए और सुख समृद्धि की कामना की।
गौरतलब है कि सिसला धाम का प्रचार प्रसार आए दिन बढता जा रहा है। रविवार और एकादशी के दिन कई हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। मंदिर के बाहर चारों ओर प्रसाद, खिलौने, बाबा श्याम की प्रतिमा सहित अन्य दुकानें सजने लगी है। सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय व आसपास के लोगों को भी बाबा श्याम धाम सिसला में रोजगार भी मिला है।
सुबह से ही श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर में पहुंचना शुरू हो गए थे। भीषण गर्मी के बीच भी बाबा श्याम के दर्शनों के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वीर बर्बरीक श्याम समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी की छबील और चाय व बिस्कुट का प्रसाद वितरित किया गया।
समिति के प्रधान सुभाष सिसला ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए हर समय प्रसाद की व्यवस्था की हुई है। सभी श्रद्धालु शांति पूर्वक दर्शन करे इसके लिए मंदिर में नई ग्रिल लगाई गई है। इससे श्रद्धालु मंदिर में बाबा श्याम के आसानी से दर्शन कर सकते हैं। एकादशी के दिन सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंचने लगे थे, दिनभर श्रद्धालुओं को मंदिर में बाबा श्याम के दर्शनों के लिए आवागमन लगा रहा। दिनभर में लगभग 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए हैं।
नारायण दास सत्संग हॉल में भंडारा कल
सीवन। श्री श्याम बाबा परिवार सीवन की ओर से 10वां विशाल श्री श्याम संकीर्तन एवं भंडारा 19 जून को नगर के बाबा नारायण दास सत्संग हाल में आयोजित किया जाएगा। इस श्री श्याम संकीर्तन में राजीव राजा पटियाला अपने भजनों के माध्यम से श्री बाबा खाटू श्याम का गुणगान करेंगे। उपरोक्त जानकारी श्री श्याम बाबा परिवार सीवन के प्रधान संजय कंसल और संजू पंसारी ने पत्रकारों को दी। यह श्री श्याम बाबा परिवार सीवन की ओर से करवाए जाने वाला मासिक कार्यक्रम है, जो कि सायं 7 बजे से आरंभ होगा।
कार्यक्रम में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्री श्याम बाबा परिवार सीवन की ओर से मासिक बस यात्रा भी आयोजित की जाती है, जो सीवन से श्रद्धालुओं को श्री बाबा खाटू श्याम के दरबार में लेकर जाती है। संवाद