संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिवाली, छठ पूजा और भाईदूज जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर कैथल में रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुबह और शाम के समय यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लोकल रूटों पर भी बसों के अतिरिक्त फेरे चलाए जा रहे हैं।
कैथल में ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण दिल्ली, चंडीगढ़, हिसार, करनाल, पंजाब और कटरा सहित अन्य प्रमुख रूटों पर यात्रियों का दबाव बसों पर बढ़ गया है। बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या में 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्थिति ऐसी है कि बस के पहुंचते ही यात्री सीट के लिए खचाखच टूट पड़ते हैं।
सिटी रोडवेज डिपो अधिकारी कमल चहल ने बताया कि लंबी दूरी की बसों के फेरे आवश्यकतानुसार बढ़ाए जा रहे हैं। काउंटर पर भीड़ बढ़ते ही तुरंत अतिरिक्त फेरा लगाना सुनिश्चित किया जा रहा है। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन टिकटों की बिक्री से 8 से 10 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता था, त्योहारों के मौके पर यह दो से तीन लाख रुपये तक बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के सीजन के दौरान डिपो में प्राइवेट, किलोमीटर स्कीम और रोडवेज की लगभग 200 बसें संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि डिपो प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि यात्रियों को इंतजार न करना पड़े और सभी रूटों पर बसें पूरी क्षमता के साथ चलें।
यात्रियों की भीड़ बढ़ने के बाद भी बसों की संख्या में सुबह व शाम को बसों के फेरे बढा़ए गए है। डिपो में प्राइवेट, किलोमीटर स्कीम व रोडवेज की करीबन दो सौ बसों को संचालित किया जा रहा है। जिस भी काउंटर पर भीड़ होती है वहां से बसों के फेरे तत्काल बढ़ाए जा रहे हैं।
-कमल चहल रोडवेज अधिकारी कैथल डिपो।