संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती जी के 200वें जयंती वर्ष और आर्य समाज स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सात से नौ मार्च तक अंतरराष्ट्रीय आर्य विद्वत महासम्मेलन का आयोजन स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ आश्रम टिटोली रोहतक में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन योग गुरु स्वामी रामदेव करेंगे। यह जानकारी आर्य समाज के सर्वोच्च संगठन सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के नेता स्वामी आर्यवेश ने दी।
वह सोमवार को कैथल पहुंचे और रोहतक में होने वाले इस के टिटोली स्थित स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ आश्रम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आर्य विद्वत महासम्मेलन का निमंत्रण दिया। उनके साथ आयोजन समिति के सदस्य सत्यवीर आर्य, राष्ट्रपति से सम्मानित जगमती मलिक, मोहित मलिक, सूबे सिंह, अमर राविश, प्रधान प्रद्युम्न आर्य, श्यामलाल आर्य, अमित गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आर्य समाज के नेता स्वामी आर्यवेश ने बताया कि आर्य समाज स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने और स्वामी इंद्रवेश जी के 88वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय आर्य विद्वत् महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सात मार्च को सुबह साढ़े 10 बजे योग गुरु स्वामी रामदेव इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। महासम्मेलन में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी तथा शहीदे आजम भगत सिंह के भतीजे सरदार किरणजीत सिंह आठ मार्च को बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक स्वामी आदित्यवेश ने बताया कि आर्य नेता स्वामी आर्यवेश इसकी अध्यक्षता करेंगे।