राजौंद। गांव सेरधा के अमरनाथ भगत जयराम कन्या महाविद्यालय में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता को लेकर रैली निकाली। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी सुमन लता व सुमन शर्मा ने बताया कि स्वयं सेवकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने कहा कि हमें अपने आस पास साफ सफाई रखनी चाहिए और स्वच्छता के प्रति अपने आसपास के लोगों को जागरूक करना चाहिए। काॅलेज प्राचार्य डा. मधु वालिया ने बताया कि इस राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में स्वयंसेविकाओं को अलग-अलग विशेषज्ञों की ओर से जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवकों को इस तरह के शिविरों में भाग लेने से उनके अंदर कुछ करने का जज्बा पैदा होता है। साथ ही आपसी प्रेम की भावना भी प्रबल होती है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को इस दौरान निष्ठा व लगन से कार्य करके कुछ सीखने को मिलेगा। इस दौरान गांव कोटड़ा में भी लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया। गांव कोटड़ा के सरपंच सतबीर ने स्वयं सेवकों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान सीमा देवी, सुनीता देवी, सुरेंद्र देवी पिंकी, रिम्पी, सुदेश सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद थे।