राजौंद। अनाज मंडी राजौंद में धान की अधिक आवक के कारण जाम की स्थिति को देखते हुए मार्केट कमेटी ने 29 और 30 अक्तूबर को अनाज की आवक और गेटपास जारी करने का कार्य पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान मंडी में केवल उठान का कार्य किया जाएगा। मार्केट कमेटी राजौंद की ओर से 27 अक्तूबर को जारी की गई आवश्यक सूचना में आढ़तियों, किसानों व संबंधित व्यक्तियों को इस संबंध में जानकारी दी गई है। सूचना के अनुसार मंडी में लगातार अधिक आवक होने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण व्यवस्था सुचारू करने के लिए दो दिनों तक नई आवक पर रोक लगाई गई है। मार्केट कमेटी ने सभी संबंधित लोगों से निर्धारित समयावधि का विशेष ध्यान रखते हुए जारी सूचना का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। मंडी में इन दो दिनों के दौरान पहले से मौजूद धान के उठान पर विशेष जोर रहेगा, ताकि मंडी में जगह खाली हो सके और आगामी दिनों में आवक को व्यवस्थित तरीके से शुरू किया जा सके।