संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्थानीय सब्जियों की आवक बढ़ने से कैथल की सब्जी मंडी फिर से रौनक से भर गई है। मंडियों में दाम घटने से आम आदमी की थाली में सब्जियां लौट आई हैं। एक सप्ताह के भीतर अधिकांश सब्जियों के भावों में 20 से 30 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मेथी, मूली, बैंगन, टमाटर, पालक, गाजर, फूल गोभी, बंद गोभी और मटर जैसी मौसमी सब्जियों की स्थानीय आवक शुरू हो गई है। पहले ये सब्जियां 50 से 80 रुपये किलो तक बिक रही थीं, जो अब 20 से 30 रुपये किलो तक आ गई हैं। बढ़ी हुई आवक से रसोई का खर्च कम हुआ है और लोगों को बजट में राहत मिली है।
अगस्त में लगातार बारिश के कारण स्थानीय फसलें खराब हो गई थीं, जिससे मंडियों में सब्जियों की आपूर्ति घट गई थी और दाम आसमान छूने लगे थे। अब मौसम के सुधरने और फसल तैयार होने से बाजार में स्थिरता लौट आई है।
थोक विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि कैथल मुख्य थोक मंडी है, जहां से आसपास के गांवों और कॉलोनियों में फुटकर विक्रेता सब्जियां ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले दाम अधिक होने से ग्राहकों की खरीद कम हो गई थी, लेकिन अब दाम घटने से बिक्री भी बढ़ी है।
मेथी, आलू, प्याज, टमाटर, मूली, गाजर, गोभी, पालक जैसी सब्जियां 10 से 20 रुपये किलो में मिल रही हैं। इससे परिवारों को महंगाई से बड़ी राहत मिली है। -पूजा, गृहिणी
सब्जियों के दामों में गिरावट
सब्जी
पहले दाम
अब दाम
गाजर
40 रुपये
25 रुपये
मटर
200 रुपये
140 रुपये
टमाटर
60 रुपये
40 रुपये
फूल गोभी
40 रुपये
25 रुपये
पेठा
30 रुपये
20 रुपये
मूली
40 रुपये
20 रुपये
घीया
40 रुपये
20 रुपये
प्रति किलो भाव
मेथी गुच्छी
30
20