कैथल। पुलिस विभाग में कांस्टेबल लगवाने का झांसा देकर 13 लाख रुपये ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी जिला पलवल के गांव किठवाड़ी निवासी नरेश कुमार को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कैलरम निवासी महाबीर की शिकायत अनुसार उसके लड़के पवन ने पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती होने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के तहत आवेदन भरा था। उसके गांव के धनपत का उसके घर आना-जाना था। धनपत ने उसे नरेश से मिलाया। नरेश ने उससे कहा कि उनकी सरकार में अच्छी मिलीभगत से वह उसके लड़के को कांस्टेबल बनवा देंगे। वह धनपत और नरेश की बातों में आ गया। इसके बाद बेटे को कांस्टेबल बनवाने लिए 13 लाख पांच हजार 200 रुपये की राशि दे दी।
करीब एक साल बीतने के बाद जब उसका लड़का पवन पुलिस में कांस्टेबल नहीं लगा तो उसने आरोपी नरेश से अपने पैसे वापस देने की मांग की।
इस पर उसने साफ इंकार कर दिया। इस बारे में थाना कलायत में मामला दर्ज था। आरोपी नरेश किसी अन्य मामले में रोपड़ पंजाब जेल में बंद था। उसकी उपरोक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। आरोपी का दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है। संवाद