संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने क्रेडिट कार्ड का ओटीपी पूछकर धोखाधड़ी करने के एक मामले में आरोपी गिरफ्तार किया गया है। थाना साइबर क्राइम पुलिस के एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने जांच करते हुए बनावली जिला फतेहाबाद निवासी आरोपी सुनील कुमार को दबोचा है।
सीवन निवासी विक्रम की शिकायत के अनुसार उसके पास आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड है। पांच नवंबर 2022 को उसके पास फोन आया था कि आपके क्रेडिट कार्ड पर बीमा पॉलिसी लगी हुई है और हर साल इसके 4500 रुपये कटेंगे। आप इस पॉलिसी को बंद करना चाहते हैं या चालू रखना चाहते हैं। वह आरोपी की बातों में आ गया और उसे पॉलिसी बंद करने के लिए बोल दिया।
आरोपी ने उससे पहले क्रेडिट कार्ड के नंबर पूछ लिए। उसके बाद एक ओटीपी आया और उसने ओटीपी आरोपी को बता दिया। उसी समय उसके खाते से साढ़े 96 हजार रुपये कट गए। इसके बाद आरोपी का नंबर भी बंद हो गया। थाना साइबर क्राइम में यह केस दर्ज कराया गया था। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी सुनील कुमार किसी अन्य मामले में जिला हिसार जेल में बंद था। उसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए न्यायालय की मार्फत प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। जिसको प्रोडक्शन वारंट पर लेकर कागजी कार्रवाई पूर्ण करने उपरांत न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।