सीआईए-1 पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में एक किशोर सहित 2 आरोपी काबू कर लिए गए। उनके कब्जे से 5 बाइक बरामद की गई है। एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में एएसआई जयभगवान, हेडकांस्टेबल धर्मसिंह, एचसी रघुबीर सिंह व एचसी मनोज कुमार की टीम बाइक चोरी के एक मामले की जांच के दौरान बस अड्डा फरल के पास मौजूद थी। पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई थी कि दो युवक चोरी की बाइक सहित असंध की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी दौरान एक बाइक पर जा रहे दो लोगों को काबू कर लिया गया, जिनकी पहचान फरल निवासी 17 वर्षीय किशोर व युवक लवप्रीत उर्फ लाडी के रूप में हुई। जांच के दौरान बाइक विजय कुमार पूंडरी की पाई गई, जिसे 27 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति उसके मकान सामने से चुरा ले गए थे। दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कबूला कि वे बाइक को औने-पौने दाम में बेचने के लिए असंध जा रहे थे।
एसपी ने बताया कि सीआईए-1 पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ उपरांत दोनों द्वारा चुराई गई 4 अन्य मोटरसाइकिल किशोर आरोपी के मकान से बरामद की गई। ये मोटरसाइकिल ढांड, पूंडरी व राजौंद क्षेत्र से चोरी की गई हैं। इनके बारे में जांच के दौरान एक बाइक विनोद खेड़ी रायवाली की पाई गई, जिसे 10 मार्च को बस स्टैंड खेड़ी रायवाली के सामने से चोरी हुई थी। शेष 3 बाइकों के बारे में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।