संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर फायरिंग करने व रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने असलहा सप्लायर आरोपी खाम नगर मेरठ यूपी निवासी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी राजेश कालिया ने बताया कि पांच सितंबर को पूंडरी क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर बाइक पर सवार नकाबपोश युवकों ने फायरिंग करके 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। मामले में ढांड एरिया से एक गाड़ी सहित आरोपी कलसोरा जिला करनाल निवासी सुमित उर्फ दुलो, करतारपुर जिला करनाल निवासी साहिल व इस्माइलाबाद जिला कुरुक्षेत्र निवासी साहिल उर्फ शैली को गिरफ्तार किया था।
उनके कब्जे से दो पिस्तौल, एक मैगजीन, चार रौंद, 50 हजार कैश व मोबाइल बरामद हुए थे। आरोपियों का व्यापक पूछताछ के लिए 20 सितंबर तक पुलिस रिमांड हासिल किया था। पूछताछ में पता चला कि उपरोक्त आरोपियों को आरोपी शाहिद ने ही असलहा सप्लाई किया था।
एसपी राजेश कालिया ने बताया किपूछताछ के दौरान उक्त गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पहले गिरफ्तार तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए हैं, जबकि आरोपी शाहिद का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।