संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/गुहला-चीका। पेरिस पैरालंपिक 2024 में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाज हरविंद्र सिंह को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिला प्रशासन ने जिला स्वीप एंबेसडर मनोनीत किया है।
एडीसी एवं स्वीप अभियान के नोडल अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा ने उनके गांव अजीत नगर में जाकर हरविंद्र सिंह को स्वीप का स्मृति चिह्न भी प्रदान किया। साथ ही जिला प्रशासन ने पीएनबी बैंक के सहयोग से 11 हजार रुपये देकर भी सम्मानित किया।
एडीसी ने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव-2024 के लिए जिला में आगामी पांच अक्तूबर को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डा. विवेक भारती के मार्गदर्शन में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर जारी है। इसी कड़ी में तीरंदाज हरविंद्र सिंह को आज मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला एंबेसडर मनोनीत किया है। हरविंदर सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने क्षेत्र ही नहीं, देश का नाम पूरे विश्व रोशन किया है। युवाओं के लिए यह एक आदर्श के रूप में है और युवाओं को इनसे प्रेरणा भी लेनी चाहिए।
इस मौके पर तीरंदाज हरविंद्र ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का विशेष महत्व होता है। यह एक अधिकार के साथ-साथ हम सबकी जिम्मेदारी भी होती है। प्रत्येक मतदाता को अपनी इस जिम्मेदारी को समझना चाहिए और खुद मतदान करने के साथ अपने आस पास के लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान दिवस लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। इसमें सभी मतदाताओं को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। आपका एक वोट लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों का भविष्य बनाने में बहुत मायने रखता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की मतदान करने की अपील को वह विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं तक पहुंचाएंगे और लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे।
इस मौके पर डीएसओ राज रानी, बीडीपीओ नेहा शर्मा, एलडीएम एसके नंदा, कोच गुरमीत, देवेंद्र, राजेश, सतनाम, सचिन, विजय, सुंदरदत्त, हरविंदर के पिता परमजीत, पूर्व डीएसओ सुखदेव के अलावा अन्य परिवारजन व ग्रामीण मौजूद रहे।