लघु सचिवालय के साथ वाले रोड पर छाई स्माग। संवाद
कैथल। कैथल में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 310 पर पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। महज दो दिनों के भीतर प्रदूषण के स्तर में हुई इस बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को कैथल का एक्यूआई 207 और रविवार को 296 दर्ज किया गया था।
मौसम में आए अचानक बदलाव और पराली जलाने की घटनाओं को हवा के इस तरह जहरीले होने की मुख्य वजह माना जा रहा है। कैथल में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कृषि विशेषज्ञ डाॅ. हरमीत ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण अब मैदानी इलाकों में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। जिले में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे रातें और सुबह अधिक ठंडी हो गई हैं। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 16 डिग्री है। तापमान गिरने के कारण हवा में भारीपन आ गया है। इसके कारण सुबह के समय आसमान में हल्की धुंध और स्मॉग (धुएं व कोहरे का मिश्रण) की चादर छाने लगी है।
यह है एक्यूआई की श्रेणी
स्तर - श्रेणी
0 – 50
अच्छा
51 – 100
संतोषजनक
101 – 200 सामान्य
201 – 300 खराब
301 – 400 बेहद खराब
पराली जलाने के नए मामले आए सामने
प्रदूषण के अचानक बढ़ने के पीछे कृषि अवशेषों को जलाना भी एक कारण है। प्रशासनिक चौकसी के बावजूद जिले में पराली जलाने के दो मामले सामने आ चुके हैं। धान की कटाई के बाद अगली फसल की बुआई के लिए समय कम होने के कारण कुछ किसान खेतों में ही अवशेषों को आग लगा रहे हैं।
मास्क का करें प्रयोग : डाॅ. जितेंद्र गिल
एक्यूआई के 300 के पार जाने से हवा की श्रेणी बेहद खराब हो जाती है। डाॅ. जितेंद्र गिल के अनुसार, इस तरह की हवा में सांस लेने से बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा व दिल के मरीजों को भारी परेशानी हो सकती है। सुबह की सैर करने वाले लोगों को फिलहाल खुले में कसरत न करने और मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों ने किसानों से पराली न जलाने और आम जनता से कचरा न फूंकने की अपील की है।
लघु सचिवालय के साथ वाले रोड पर छाई स्माग। संवाद