संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2024-25 के लिए दाखिला के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। हरियाणा राज्य में स्थित सभी राजकीय एंव निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2024-25 के लिए विभिन्न इंजीनियरिंग और गैर इंजीनियरिंग व्यवसायों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन विभागीय वेबसाइट पर जाकर 07 जून से 21 जून तक स्वीकार किए जाएंगे।
दाखिला से संबंधित दिशा-निर्देशों के लिए विवरण पत्रिका, संस्थानों की सूची एंव दाखिले के लिए उपलब्ध संस्थानवार सीटों बारे सूचना उपरोक्त वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। विभिन्न दाखिला चरणों के लिए मेरिट एवं सीट अलॉटमेंट जारी होने के पूर्ण कार्यक्रम बारे सूचना दाखिला वेबसाइट पर सात जून से उपलब्ध होंगी। प्रार्थियों को शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण एवं स्थायी निवासी इत्यादि मूल-प्रमाण पत्रों की स्कैनड प्रतियां दाखिला फार्म के साथ ही आवश्यकतानुसार अपलोड करनी होंगी। दाखिले के इच्छुक प्रार्थियों के पास निजी ईमेल आईडी, निजी मोबाईल नंबर, परिवार पहचान पत्र एवं आधार नंबर होना अनिवार्य है तथा ऐसे प्रार्थी ही आवेदन के पात्र होंगे।
-सात जून से 21 जून तक विद्यार्थी आईटीआई में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करा सकते हैं। इसके बाद विभाग की ओर से कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके लिए अभी से विद्यार्थी अपने जरूरी दस्तावेजों की जांच करा ले। -सतीश मच्छाल, प्राचार्य आईटीआई कैथल।