कैथल। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग हरियाणा/हरेडा ने राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों की एक अनूठी योजना शुरू की है। इसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर है।
यह जानकारी एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने दी है। बताया कि इस योजना के तहत वर्ष 2023-24 के लिए विभिन्न श्रेणियों के पात्र उपभोक्ताओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम 26 निर्धारित की गई है। बताया कि योजना के दिशा निर्देश विभाग कि वेबसाइट पर दिए गए हैं।
हरियाणा राज्य में स्थित औद्योगिक, वाणिज्यिक, राजकीय, संस्थागत, समूह आवासीय भवनों को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने, तकनीक अपनाने, ऊर्जा दक्षता हासिल करने के फलस्वरूप राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों से अलंकृत किया जाता है।
इनोवेशन / नई प्रौद्योगिकियां अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं जिनमें नवीन प्रचार परियोजनाएं शामिल हों, ऊर्जा संरक्षण में अनुसंधान और नवाचार, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट से ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र, कुशल प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में श्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्थाएं भी राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
एडीसी ने बताया कि इन पुरस्कारों में नकद राशि, शील्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान किये जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विभाग कि वेबसाइट WWW.hareda.gov.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। संवाद