संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारियों ने मंगलवार को अपने मांगों को पूरा करवाने को लेकर अपने हाथों पर मेहंदी लगा मांगों के स्लोगन लिखकर सरकार को संदेश दिया। कर्मचारियों ने अपने हाथों पर अपनी मांगों को लिखा।
मंगलवार को एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल का 12वां दिन था। इस दौरान भी कर्मचारियों का जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट के सामने धरना जारी रहा। इसकी अध्यक्षता डॉ. राजेश गोयत ने की। डॉ. राजेश गोयत ने बताया कि मांग पूरी न होने को लेकर कर्मचारियों में रोष है और हरियाली तीज के मौके पर बैठे कर्मचारियों ने अपने हाथों में मेहंदी के माध्यम सरकार को उनकी मांग पूरा करने को संदेश दिया है।
गौरतलब है कि पिछले 12 दिनों से एनएचएम कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हुए हैं। लंबी हड़ताल के कारण मरीजोंं और तीमारदारों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। हड़ताल के कारण एंबुलेंस सेवा व अन्य सुविधाएं भी प्रभावित है।
हरियाणा के सभी जिले में मिशन के तहत लगे हुए लगभग 15 हजार कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैै। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मरीज परेशान हैं, लेकिन उनको सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हड़ताल से मुख्य रूप से एंबुलेंस सेवाएं, एसएनसीयू के कार्य व प्रसूति कार्य, सभी स्तर पर माता व शिशुओं का दी जाने वाले टीकाकरण, जन्म-मृत्यु कार्य, टीबी का टीकाकरण, प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य का कार्य व दफ्तर के रूटीन के सभी कार्य प्रभावित रहे। इस मौके पर कोषाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, आशीष शर्मा, शिवकुमार, सुनील गौरां, नवीन, मोहित, सतबीर, पूनम गुग्लानि, सुषमा, कुसुम, मुकेश, ममता, महाबीर ड्राईवर, मोहित, राजेश ढुल, सोनू, नसीब आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।