संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 16 से 17 फरवरी को ऑनलाइन वेबिनार/वर्चुअल मोड के माध्यम से जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 15 फरवरी सायं पांच बजे तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह जानकारी नेहरू युवा केंद्र की समन्वयक दीक्षा मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि युवा आवाज राष्ट्र परिवर्तन के लिए सशक्त एवं सम्मिलित करना थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता के तीन विषय भारत को वैश्विक लीडर बनाना, आत्मनिर्भर से विकसित भारत तक और भविष्य को सशक्त बनाना शामिल हैं।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी युवा अधिकतम चार मिनट की समय अवधि तक हिंदी या अंग्रेजी भाषा में अपना संबोधन कर सकते हैं। जिला स्तर पर प्रथम व द्वितीय विजेता को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेता को राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका मिलेगा व व राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता को दो लाख रुपये, 1.5 लाख रुपये व एक लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु एक फरवरी 2024 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए व आवेदक कैथल का मूल निवासी भी होना चाहिए। आवेदक फॉर्म के साथ आवासीय पता, जन्म-प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ ईमेल या नेहरू युवा केंद्र के कार्यालय मकान नंबर 697, गली नंबर 11, ऋषि नगर में आवेदन कर सकते हंै।