कैथल। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सपना ने बताया कि विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इन पुरस्कारों के लिए पात्र महिलाओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। आगामी 5 नवंबर तक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। डाक, कोरियर या ऑफलाइन के माध्यम से कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज पुरस्कार के लिए 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए एक लाख 50 हजार रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार व बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए एक-एक लाख रुपये, लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के लिए 51 हजार रुपये, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता व महिला उद्यमी को 21-21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आवेदक के पास वैध परिवार पहचान पत्र होना आवश्यक है। आवेदक नामांकन की तिथि को जीवित होना चाहिए। उनकी ओर से प्राप्त की गई उपलब्धियां स्पष्ट, प्रमाणिक एवं दस्तावेजों से समर्थित होनी चाहिए। आवेदक की ओर से यह घोषणा शपथ पत्र देना होगा कि उसके विरूद्ध किसी न्यायालय, विभाग या अन्य संस्था में कोई प्रतिकूल मामला लंबित नहीं है।