संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा एवं फल्गु मंदिर सुधार समिति के संयुक्त तत्वावधान में फल्गु तीर्थ पर तीन दिवसीय लोक कला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हरियाणवी लोकनृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजीं।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, अध्यक्ष पद्यश्री महाबीर गुड्डू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों और कलाकारों का स्वागत आयोजक समिति की ओर से फूल माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न से किया गया। लोक गायन संध्या की शुरुआत लोक कलाकार बलराज ने की। लोक गायक राजकुमार ने अपनी टीम के साथ हरियाणवी लोकगीतों के गायन के साथ-साथ लोकनृत्य की सराहनीय प्रस्तुति दी और दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
उनके बाद लोककला संस्कृति में योगदान के लिए भारत सरकार से पद्मश्री सम्मान से सम्मानित दुनिया भर हरियाणवी संस्कृति का लोहा मनवाने वाले विश्व विख्यात वरिष्ठ लोक कलाकार महाबीर गुड्डू ने उपस्थित दर्शकों के अनुरोध पर अतिथि प्रस्तुति दी। महाबीर गुड्डू ने बम लहरी और स्वतंत्रता सेनानी राजा नाहर सिंह के जीवन पर आधारित आल्हा की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के बाद हरियाणवी लोकगीतों पर लोकनृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
लोक कलाकार राजकुमार और उनके समूह अपनी प्रस्तुति से दर्शकों से खूब तालियां बटोरी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा शिवांशी ने शिव भजन की संगीतमय प्रस्तुति दी जबकि सैनिक पब्लिक स्कूल की छात्राओं सोनम और मनस्वी ने हरियाणवी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। हरियाणवी लोकनृत्य कार्यक्रम से प्रभावित संस्कृति-प्रेमी देर शाम तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि रहे पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने लोककला महोत्सव के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के महानिदेशक के एम पांडुरंग को धन्यवाद दिया।
लोकनृत्य कार्यक्रम में अध्यक्ष रहे पद्यश्री महाबीर गुड्डू ने हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत फल्गु लोककला महोत्सव के आयोजन के लिए कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा एवं फल्गु मंदिर सुधार समिति को साधुवाद दिया। उन्होंने सामाजिकता और संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के लिए लोक कलाकारों की प्रशंसा की और संस्कृति सेवा के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने लोकनृत्य कार्यक्रम के सुंदर आयोजन पर कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा एवं फल्गु मंदिर सुधार समिति को धन्यवाद किया।
विशेष आमंत्रित अतिथि शक्ति राणा ने इस अवसर पर कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए इस प्रकार के आयोजन को वर्तमान की आवश्यकता बताया। फल्गु मन्दिर सुधार समिति की ओर से सभी आमंत्रित अथितियों, लोकगायकों और दर्शकों का धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम का समापन करते हुए दिनेश शर्मा ने कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों में समाजसेवी सीता राम राणा, संजीव, मुकेश शर्मा, हर्ष राणा, कपिल सैनी, तरसेम शर्मा आदि उपस्थित रहे।