26केएलटी4: मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते नशा विरोधी मंच के सदस्य
- फोटो : मृतका- रोली ।
कलायत। हरियाणा में लगातार पैर पसारते नशा कारोबार और पुलिस विभाग के भीतर ईमानदार कर्मियों को प्रताड़ित किए जाने के आरोप को लेकर नशा विरोधी मंच व शहर के लोगों ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को मंच के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार महेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर नशे के अवैध कारोबार की उच्च स्तरीय और समयबद्ध जांच की मांग की। इस दौरान विभिन्न कर्मचारी यूनियनों ने भी अपना समर्थन देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की आवाज बुलंद की।
युवाओं के भविष्य पर चिंता जताते हुए मंच के कार्यकर्ता जसविंद्र राणा जस्सी ने कहा कि प्रदेश में नशा इस कदर हावी है कि सामाजिक ताना-बाना बिखर रहा है। उन्होंने प्रशासनिक ढिलाई पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते यदि नशे में संलिप्त लोगों की जड़ों पर प्रहार नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी को बचाना नामुमकिन होगा। वक्ताओं ने सरकार के दावों को जमीनी हकीकत से कोसों दूर बताया। अजय आशु ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुलिस कर्मियों के आरोपों का मुद्दा उठाते हुए विभाग के भीतर की साठगांठ पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ही नशा विरोधी अभियान में रोड़ा बन रहे हैं तो यह गंभीर जांच का विषय है। इस मौके पर कामरेड सत्यवान, सुरेश कुमार, रोहताश, संजीव और अनिल शिमला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।