संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत शहर व सात गांवों के जल घरों में भाखड़ा का पानी पहुंचाने के लिए 20 करोड़ के बजट से बिछाई जा रही पाइप लाइन योजना में अनियमितताओं के सवाल उठने के बाद अब जन स्वास्थ्य विभाग और
निर्माण एजेंसी के लिए नया संकट खड़ा हो गया है।
बिना अनुमति रोड कट करने पर लोक निर्माण विभाग ने संज्ञान लेते हुए जन स्वास्थ्य विभाग से जवाब मांगा है। इसमें लोक निर्माण विभाग ने सरकार के नियमोंं के खिलाफ जाकर सड़क, बर्म व अन्य स्तर पर संबंधित मार्ग को क्षति पहुंचाने पर जन स्वास्थ्य विभाग मौखिक सूचना देते हुए कार्रवाई से अवगत करवाया है।
समाज सेवी संगठनों व आम लोगों का कहना है कि नागरिकों से इस प्रकार की लापरवाही होने पर तत्काल प्रभाव से अधिकारी कार्यवाही के लिए दस्तक देते हैं। इसी तरह अब एक विभाग द्वारा दूसरे को पहुंचाए गए नुकसान पर ठोस कार्रवाई जरूरी है। लोक निर्माण विभाग कनिष्ठ अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि पेयजल पाइप लाइन बिछाने के नाम पर रोड को तोडऩे के मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध मेंं एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधकर विभाग को हुए नुकसान से अवगत करवाया है।
विभागीय प्रक्रिया के अनुसार जो नुकसान हुआ है उसकी जुर्माने सहित भरपाई करवाई जाती है। इस पर नुकसान की पूरी रिपोर्ट तैयार कर बिल दूसरे विभाग को भेजा जाएगा।