संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत/कैथल। कलायत में नगर पालिका, लोकसभा और विधानसभा चुनाव में वोट के लिए नशा परोसने वाले उम्मीदवारों का सिरे से बहिष्कार होगा। यह फैसला श्री रैदास तख्त परिसर में आयोजित महापंचायत में लिया गया। साथ ही मांग की गई कि नशा देकर युवाओंं को मौत की नींद सुलाने वालों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के अनुसार अविलंब गिरफ्तारी की जाए।
गौरतलब है कि कलायत में हाल फिलहाल नशे की ओवरडोज से तीन युवक जान गंवा चुके हैं। नशे के खिलाफ युद्ध के तहत हुई इस महापंचायत में नशे की जड़ों को समाज से उखाड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय हुए। इस मौके पर 36 बिरादरी के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मुख्य रूप से महिलाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। बच्चों को गोद में लेकर पहुंची महिलाओं ने नशा के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने की अपील की। इससे हर कोई भावुक हो उठा।
नशा के खिलाफ अभियान चलाने को 36 बिरादरी की साझी कमेटी गठित करने की कार्ययोजना तय हुई। इसके अनुसार प्रारंभिक चरण में सदस्यता अभियान शुरू किया गया। इसके माध्यम से बड़े-बुजुर्गों, महिलाओं, युवा व बच्चों को नशा मुक्त शहर बनाने की मुहिम में जोड़ा जाएगा।
नगर निवासी रामकुमार राणा, रामकुमार धानियां, दीपक निर्मल, विक्रम राणा, जस्सी राणा, विकास यादव, अश्वनी कुमार, जंगा राम वाल्मीकि, आशु राणा, काला पदमा पट्टी, सुलतान सिंह, सुभाष धानियां, रणधीर सिंह, रामेश्वर फौजी, संजीव कुमार, जोगेंद्र सिंह, लखी राम, बिरखा राम, संदीप राणा, सुशील कुमार, धर्मपाल शर्मा, शक्ति दहिया, सूरजभान सैन, करेशन, सुनील राणा, कृष्ण कुमार, कंवर पाल वाल्मीकि, अजय कुमार, नरेश कुमार, सुभाष चंद व दूसरे वक्ताओं ने नशा के खिलाफ क्रमवार सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि नशा को खत्म करने के लिए सजगता जरूरी है। इसके लिए न केवल नशे की बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा बल्कि युवाओं को खेल, शिक्षा व आदर्श राह प्रदान करनी होगी। नशा तस्करों व दलालों के खिलाफ शासन-प्रशासन को हर अपडेट देनी होगी। किसी भी सूरत में नशे को स्वीकार न करें। कहा गया कि नशे के लिए सुरक्षित माने जाने वाले स्थानों को खेल स्टेडियम में तब्दील करने की जरूरत है।
महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि कलायत में खेल स्टेडियम, पुस्तकालय और नशा मुक्ति केंद्र खोलने के लिए संघर्ष किया जाएगा। महापंचायत के उपरांत लोगों ने नशा के खिलाफ श्री रैदास तख्त से लेकर पुलिस स्टेशन तक रोष मार्च भी निकाला। बाद में थाना प्रभारी जय भगवान को यह विश्वास दिलाया कि नशा से जुड़ी कार्रवाई में हर कोई सहयोग को तैयार है। पुलिस छोटी-बड़ी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करे।
थाना प्रभारी ने कहा कि जिला पुलिस कप्तान राजेश कालिया की अगुवाई मेंं नशे के खिलाफ जो रूपरेखा तय की गई उस पर पुलिस पूरी तरह सजग है। लोग खुलकर या अपना नाम गुप्त रखते हुए नशा कारोबार से संबंधित लोगों की सूचनाएं दें, पुलिस कार्रवाई करेगी।