छात्रा अंजलि को सम्मानित करतीं उपायुक्त अपराजिता।
कैथल। पूंडरी स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा अंजलि ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) के हिंदी ओलंपियाड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ। अंजलि की शानदार सफलता पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें उपायुक्त ने सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का प्रतीक है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अंजलि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सहयोगात्मक वातावरण को दिया। विद्यालय के प्रबंधक सतिंदर साहू व प्रधानाचार्या रितु बंसल ने अंजलि को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंजलि ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और निरंतर परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि अंजलि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई ऊंचाइयों को छुएंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने अंजलि की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रा अंजलि को सम्मानित करतीं उपायुक्त अपराजिता।