संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की नई अनाज मंडी में सोमवार को तीन दिन बाद भी नहीं धान की सरकारी खरीद शुरू हो सकी। इससे खफा किसानों ने दोपहर के समय नई अनाज मंडी के बाहर जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगा दिया। इस कारण यातायात काफी प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि किसानों ने धान की सरकारी खरीद के लिए दोपहर तक इंतजार किया, लेकिन जब खरीद नहीं हुई तो हाईवे पर डेरा डाल लिया। मार्केट कमेटी के अनुसार अभी तक पूरे जिले में महज 500 क्विंटल तक ही धान की सरकारी खरीद शुरू हो पाई है जबकि आवक लगातार बढ़ रही है। जाम लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और मार्केट कमेटी कैथल के सचिव बसाऊ राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान नहीं माने।
किसानों ने अपराह्न करीब तीन बजे जाम लगाया। फिर करीब एक घंटे के बाद मौके पर कैथल के एसडीएम अजय और डीएफएससी निशांत राठी पहुंचे। दोनों ही अधिकारियों ने किसानों को मंगलवार सुबह 11 बजे से धान की सरकारी खरीद सुचारू रूप से शुरू करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान माने और जाम खोल दिया। गौरतलब है कि शुक्रवार को सरकारी एजेंसियों ने सरकारी खरीद तो शुरू की, लेकिन उसके बाद खरीद नहीं हुई।
वहीं, राइस मिलर्स एसोसिएशन ने भी मंगलवार तक का अल्टीमेटम दिया है। यदि सीएमआर पॉलिसी में नहीं किया बदलाव तो धान की खरीद बंद कर देंगे। क्योंकि राइस मिलर्स एसोसिएशन की ओर से कुछ दिन पहले ही बैठक कर एक अक्तूबर तक मांग पूरी न होने की स्थिति में आंदोलन का एलान किया गया था। इस बारे में जिला प्रधान सचिन मित्तल की ओर से बताया गया था कि वे एक अक्तूबर से परमिल धान की खरीद पूरी तरह से बंद कर देंगे।
बारिश होने पर धान के भीगने का खतरा ः भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के किसान नेता सतपाल दिल्लोवाली ने बताया कि शहर की तीनों मंडियों में अब तक 1500 से अधिक एमटी धान की आवक हो चुकी है। ऐसे में मौसम खराबी के चलते बारिश होने पर धान के भीगने का भी अधिक खतरा है। बताया कि अब किसान मुख्यमंत्री नायब सैनी को ज्ञापन देंगे। बताया कि उन्हें एसडीएम व डीएफएससी ने मंगलवार सुबह से ही खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया है। यदि फिर भी प्रशासन ने आना-कानी की तो किसान प्रदर्शन को लेकर अपना पक्का इंतजाम कर लेंगे। इस मौके पर महेंद्र सिंह सहारण, प्रदीप कुराड़, होशियार गिल, पवन विक्रम, सुनील, सुनील सोनगर, गुरमीत, हवा सिंह मानस, सुरेश खुराना आदि मौजूद रहे।
पाई में चौथे दिन भी धान की नहीं हुई सरकारी खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। सरकार के आदेशाें पर खरीद के चौथे दिन भी किसानों की धान की सरकारी खरीद नहीं हुई। इससे मंडी धान से लबालब भर गई है।
किसान राम कुमार, जैसा, कृष्ण कुमार, महेंद्र, सुरेश आदि ने बताया कि उनकी धान खरीद करना तो दूर मंडी में खरीद एजेंसियों के अधिकारी नमी तक देखने नहीं आये।
कमेटी सचिव जोगिंद्र सिंह पेशियां ने बताया कि अभी तक खरीद एजेंसी डीएफएससी की ओर से राइस मिल अलाॅट नहीं किए गए। जिस कारण से खरीद शुरू करने में दिक्कत आ रही है।