संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। पूंडरी मार्ग पर वार्ड नंबर एक में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपूर्ति किए जाने वाला पानी गंदा आने पर लोगों ने रोष जताया है।
वार्ड निवासी मोहिंद्र फौजी,कुशाल, भोलू, संदीप, कालू, रोहित, दीपक ने बताया कि लगभग दो महीने से यहां पुलिया के पास जो मैनहोल बनाया गया है उसमें नाली का पानी भर जाता है फिर वही पानी आपूर्ति में घरों में पहुंच रहा है।
लोगों ने बताया कि समस्या के संबंध में वे संबंधित विभाग के कर्मचारियों को लिखित में भी शिकायत कर चुके हैं। उसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। इससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। पानी इतना गंदा होता है कि घर के किसी भी प्रयोग में नहीं आता।
लोगों ने बताया कि वार्ड में लगे बोर से पानी आपूर्ति किया जाता है। नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष गुड्डी राणा के मकान के पास जो हौद बनाईं गई है, उसके अंदर नाली का गंदा पानी चला जाता है जिससे वह पानी फिर घरों में आपूर्ति किया जाता है। गंदा पानी होने की वजह से यह घर में किसी भी काम नहीं आता। नाराज लोगों ने बताया इसके अलावा यहां भूमिगत जल भी पीने योग्य नहीं है। सभी लोग जन स्वास्थ्य विभाग की पानी की सप्लाई पर निर्भर है और यह लगातार गंदा आ रहा है।
लोगों ने बताया कि इस बारे संबंधित विभाग को लिखित में भी दे चुके हैं। इसके बाद भी संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।