संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चीका के पिहोवा रोड पर वीरवार सुबह सड़क हादसे में 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह रोज की तरह सुबह सैर पर निकले थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
मृतक के बेटे ईश्वर, निवासी वार्ड नंबर 17 चीका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दोस्त मुख्तयार उर्फ बबलू के साथ सुबह करीब 4:50 बजे पिहोवा रोड स्थित पीर बाबा के पास पैदल सैर कर रहे थे। उनके पिता गुरबच्चन सिंह उनसे कुछ दूरी पर आगे चल रहे थे। इसी दौरान पिहोवा की ओर से आए एक खाली ट्रक ने बिना हॉर्न दिए पीछे से टक्कर मार दी। गुरबच्चन सिंह उछलकर कच्चे किनारे पर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रक चालक पटियाला की ओर भाग निकला।
ईश्वर ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सके। घायल अवस्था में गुरबच्चन सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गुहला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हुई।
उधर, चीका थाना एसएचओ संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।