फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: बेटी के साथ घर लौट रहे ऑटो चालक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गोद ली आठ वर्षीय बच्ची की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
कैथल। चीका में वकील कॉलोनी कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो पलट गया। इस हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि उसके पिता घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल ऑटो चालक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

वार्ड नंबर 10 सलेमपुर गामड़ी निवासी पलविंद्र सिंह ने बताया कि वह ऑटो चलाते हैं। उनकी शादी वर्ष 2017 में संदीप कौर के साथ हुई थी। संतान नहीं होने के कारण दंपती ने वर्ष 2021 में चीका के महावीर दल अस्पताल के माध्यम से पटियाला जिले के निजामनीवाला निवासी बबीता से एक बच्ची गोद ली थी। उसका नाम प्रभजोत कौर था।

मामा को खाना देकर लौट रहे थे पिता-बेटी
पलविंद्र सिंह के अनुसार 4 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे वे ऑटो में बेटी प्रभजोत के साथ चीका चौक पर अपने मामा धर्मबीर को खाना देने गए थे। वहां से घर लौटते समय वकील कॉलोनी कट के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भाग गया। राहगीरों ने पिता-बेटी को ऑटो के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुहला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रभजोत कौर को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल पलविंद्र सिंह का उपचार शुरू किया गया।
विज्ञापन


दो चोटें आने की मेडिकल रिपोर्ट
डीएसपी हरदीप ने बताया कि सूचना मिलने पर चीका थाना पुलिस अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकों ने पलविंद्र सिंह को बयान देने के लिए सक्षम बताया जिसके बाद उसके बयान दर्ज किए गए। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शरीर पर दो चोटें मिली हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 125ए और 281 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें