कैथल। शहर में अब जल्द ही अमृत प्रोजेक्ट 2.0 के तहत सीवरेज और पेयजल की पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। इसके तहत जनस्वास्थ्य विभाग शहर में उन स्थानों पर पेयजल और सीवरेज की नई लाइनें बिछाने का कार्य शुरू करेगा, जहां अभी तक लाइनें मौजूद नहीं है। इसके अलावा जिस क्षेत्र में लाइनें खराब हो चुकी हैं, वहां भी नई पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। इससे विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
अमृत प्रोजक्ट-2.0 शुरू करने के लिए विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने मुख्यालय से पत्राचार किया है। मुख्यालय की ओर से इस कार्य को शुरू करने के लिए स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब विभाग जल्द ही इस दिशा में नए कार्य करने के लिए स्थानों की सूची तैयार कर रहा है। जब सूची तैयार हो जाएगी, उसके बाद भी कार्यों की आगामी रूपरेखा तय की जाएगी।
गौरतलब है कि अमृत योजना के तहत सीवरेज और पेयजल की लाइनें बिछाने का कार्य पहले नगर परिषद के पास था। नगर परिषद की ओर से शहर में काफी स्थानों पर नई लाइनें बिछाई गई। अब बीते वर्ष से फिर यह कार्य जनस्वास्थ्य विभाग के पास आ गया है। अब योजना के द्वितीय चरण में इससे संबंधित सभी कार्य जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से ही किए जाएंगे। विभागीय स्तर पर ही योजना के एस्टीमेट व टेंडर प्रक्रिया चलाई जाएगी।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसई अशोक खंडूजा ने बताया कि अमृत प्रोजेक्ट के द्वितीय चरण में होने वाले सभी कार्य विभाग की ओर से किए जाएंगे। विभाग से पत्राचार के बाद कार्य जल्द शुरू करने की स्वीकृति मिल चुकी है। अब विभाग कार्यों के लिए एजेंसियों से बातचीत कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द जरूरत के स्थानों पर सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।