पिछले छह दिनों से खराब पड़ा है नंबर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
यदि कहीं कोई हादसे का शिकार हो जाए या फिर गर्भवती महिला के लिए एंबुलेंस की जरूरत पड़ जाए तो आप स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा 102 के भरोसे ना रहें। क्योंकि इसका टेलीफोन नंबर पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा है। ना तो स्वास्थ्य विभाग और ना ही दूरसंचार विभाग द्वारा इसे ठीक करवाया जा रहा। जरूरत के समय एंबुलेंस नहीं मिली तो घायलों की जान भी जा सकती है।
बता दें कि लोगों को जरूरतमंदों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस सेवा 102 शुरू किया गया है। इसके लिए प्रशासन ने बाकायदा नंबर जारी किया है। लेकिन इस नंबर पर केवल घंटी बजती है, इसे उठाता कोई नहीं। क्योंकि बीते कई दिनों से यह नंबर खराब पड़ा है। शनिवार को करनाल रोड बाईपास पर ऑटो व मोटर साइकिल की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए थे। एंबुलेंस सेवा के लिए फोन करते रहे, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला।
हर रोज आती हैं 50 से 60 कॉल
इस नंबर पर हर रोज 50 से 60 कॉल आती हैं। जिस कारण एंबुलेंस गाड़ियां काफी व्यस्त भी रहती हैं। लेकिन अब कॉल ना आने के कारण लोगों को एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। केवल अस्पताल से जाने वाले लोगों को एंबुलेंस सुविधा दी जा रही है।
सामान्य अस्पताल के एफएम सुभाष ने बताया कि उन्होंने 102 नंबर की शिकायत टेलीफोन एक्सचेंज में दर्ज करवा दी है। उन्होंने जल्द ही ठीक करने का आश्वासन दिया था। एक बार एक नंबर ठीक हो गया था।
दूर संचार विभाग के एसडीओ ने बताया कि उनको अभी तक नहीं पता है कि किस कारण से फोन बंद है। पता किया जाएगा कि बिल भरने के कारण कटा हुआ है या फिर तकनीकी कारण से फोन खराब है। इसे जल्द ठीक कर दिया जाएगा।