कैथल। क्लीन ग्रीन अभियान के तहत शहर में गलियों व नालियों व घरों से एकत्रित किए गए कचरे के अलग-अलग जगहों पर लगाए जा रहे ढेर का अनूठा विरोध किया गया। अभियान के संयोजक पुनीत चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अमरगढ़ गामड़ी में से गंदगी उठवाकर उसी जगह धरना दिया और शहर में इस तरह से कचरे के ढेर लगाने का विरोध किया।
अभियान के संयोजक पुनीत चौधरी एडवोकेट व संगठन प्रभारी भारत भूषण शर्मा ने बताया कि अमरगढ़ गामड़ी में शहर से उठाकर लाई गई गंदगी को इकट्ठा किया जा रहा था। जिससे वहां के आसपास के लोग परेशान थे। उन पीड़ित लोगों की सहायता करने के लिए उन्होंने नगर परिषद से मांग की थी। लेकिन नगर परिषद द्वारा सफाई के लिए 12 करोड़ का बजट देने के बावजूद भी शहर मे गंदगी इकट्ठा करने के प्वाइंट नहीं बने हैं। जिससे शहर गंदगी मे रहने को मजबूर हैं। पुनीत चौधरी ने बताया कि गंदगी को इकट्ठा करने के लिए सीमेंट प्वाइंट नहीं बनाए तो अभियान के सदस्य नगर परिषद को ताला लगा देंगे। इस अवसर पर भलेराम, ओमप्रकाश करोड़ा, रमेश अग्रवाल, बलवंत, संजय गोयल, लाजपत सिंगला, जगमोहन, महावीर गर्ग, विनोद मौजूद रहे।