कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए कार्यरत एकमात्र स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन ने इस्तीफा दे दिया है। डॉ. सुमन ने करीब सवा साल पहले ही एनएचएम के तहत अस्पताल में ज्वाइन किया था। इसके बाद 31 मार्च को ही एनएचएम ने अनुबंध बढ़ाया था, लेकिन अब 31 मई को डॉ. सुमन ने नौकरी छोड़ दी है। गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए कार्यरत एकमात्र महिला चिकित्सक के नौकरी छोड़ने के बाद अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि अस्पताल में इस समय स्वीकृत 55 में से महज 20 चिकित्सक ही कार्यरत हैं जबकि चिकित्सकों के 35 पद खाली हैं। इस समय सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को होती है। क्योंकि गायिनी वार्ड में जांच के लिए केवल एकमात्र चिकित्सक ही हैं। साथ ही आपातकालीन वार्ड में भी एकमात्र चिकित्सक हैं। इसके अलावा सामान्य और ईएनटी सर्जन भी नहीं हैं। अस्पताल में एकमात्र बेहोशी के विशेषज्ञ चिकित्सक से यहां काम चलाया जा रहा है। कोई नियमित सर्जन न होने से ऑपरेशन में देरी होती है। ऑपरेशन के लिए भी स्वास्थ्य विभाग ने अनुबंध पर पांच चिकित्सकों को रखा है।
ऐसे में अब महिला चिकित्सक डॉ. सुमन के इस्तीफे से मरीजों को परेशानी हो सकती है। शिफ्ट के अनुसार, एक ही चिकित्सक होने के चलते गर्भवती महिलाओं की जांच से लेकर ऑपरेशन में दिक्कतें होंगी। अस्पताल प्रबंधन ने महिला चिकित्सक के नौकरी छोड़ने को उनका निजी कारण बताया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अब एक और महिला चिकित्सक तैनात करने के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ. सुमन ने अपने निजी कारणों के चलते नौकरी को छोड़ दिया है। डॉ. सुमन करीब सवा साल पहले ही एनएचएम के तहत नियुक्त हुईं थीं। अब अन्य महिला चिकित्सक की तैनाती के लिए आला अधिकारियों के साथ पत्राचार किया गया है।
- डॉ. सचिन मांडले, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।