संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के जिलाध्यक्ष अवतार सीड़ा ने हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए पंचायत समिति परिसर की दुकानों के आकार बढ़ाने की आड़ में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रशासन को पूरी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई और एसडीएम की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
अवतार सीड़ा ने कहा कि जांच के नाम पर बार-बार बयान बदलना संबंधित अधिकारी की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने गुहला हलके की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है, जिसे लोग अब ‘खूनी सड़क’ कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसद नवीन जिंदल से इस क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा है।
अवतार सीड़ा ने हरिद्वार से यमुनानगर होते हुए पेहवा तक प्रस्तावित हाईवे को चीका से जोड़कर जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे तक बढ़ाने की मांग भी रखी, ताकि क्षेत्र को बेहतर आवागमन सुविधा और औद्योगिक विकास मिल सके। इस मौके पर जजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।