गुहला-चीका। गुहला-चीका में संघर्ष के बाद कुछ सड़कों का निर्माण कार्य शुरू तो हो गया है। वहीं सड़क सुरक्षा मंच ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कसौटी पर खरा न उतरने वाली घटिया सामग्री लगाने के आरोप लगाया है।
करीब चार वर्ष पहले जब गठबंधन सरकार सत्ता में आई तो लोगों को यह आस बंधी थी कि अब यहां की टूटी-फूटी सड़कों के दिन फिर जाएंगे। लोगों की यह आशा धीरे-धीरे उस समय निराशा में बदल गई जब कोरोना और किसान आंदोलन के दौरान एक-एक दिन निकलने लगा। बीते चार साल के दौरान लोग सड़कें बनवाने के लिए प्रशासन को गुहार लगाते रहे।
धरना-प्रदर्शन ज्ञापन देने के बावजूद जब लोगों की किसी ने नहीं सुनी तो लोगों ने यहां के शहीद उधम सिंह चौक पर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी। अब सड़कों का काम शुरू हुआ है। सड़क सुरक्षा मंच से जुड़े राजेश कुमार, दलबीर सिंह, सुरेश कुमार, अब्दुल, नरेश कुमार, हिम्मत सिंह, नवजीवन राम, देव राज व राकेश बंसल आदि का आरोप है सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जा रही है। लोग पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों व ठेेकेदारों की मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं।
शिकायत पर होती है कार्रवाई : अरुण भाटिया
एक्सईएन अरुण भाटिया का कहना है कि गुहला में सड़कों का निर्माण कार्य जोरों से जारी है। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री डालने की शिकायत आती है तो उस पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। ठेकेदार मुकेश और सुभाष कंसल राहा कहना है कि वे सरकार के गुणवत्ता मानक के हिसाब से सड़क का निर्माण कर रहे हैं।