संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। शहर निकासी के लिए बिजली बोर्ड से खंड कार्यालय व शहनाई पैलेस से खंड कार्यालय तक नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। नगर के लोगों ने इसके निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। दूसरी ओर ठेकेदार का कहना है कि मानक के अनुसार ही निर्माण कराया जा रहा है।
नगर निवासी रमेश, गुरमीज, सुरेन्द्र सिंह, सूरत सिंह, जयपाल, बहादुर, कप्तान, बिट्टू, शंटी, काका, पंकज, शिशपाल, सुभाष, रोशन, नरेंद्र, महावीर व अन्य ने बताया कि इस नाले का निर्माण इसलिए करवाया जा रहा है क्योंकि सड़क के दोनों ओर की बस्ती का पानी सड़क पर आता है।
पानी के कारण सड़क खराब होती है। इसके साथ ही निकासी न होने के कारण बस्ती के लोगों को भी काफी परेशानी होती है, लेकिन नाला के निर्माण में ठेकेदार ने घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया है। यह नाला निर्माण के कुछ ही समय में खत्म हो जाएगा और फिर से वही हाल होगा।
नगर निवासियों का कहना है कि नाले के निर्माण के लिए जो तय नियम हैं उसके अनुसार कार्य नहीं हो रहा है और इस कारण से नाला जल्दी ही टूट जाएगा। निर्माण के लिए जो सामग्री इस्तेमाल की जा रही है निम्र स्तर की है। तय मानकों के अनुसार ही नाले का निर्माण किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर नाला निर्माण के ठेकेदार गुरदेव सिंह ने बताया कि नाला का निर्माण तय मानकों के अनुसार ही किया जा रहा है। अभी मौसम ठंडा है और नमी अधिक है। धूप में बजरी जल्दी सूख जाती है, लेकिन मौसम में ताजी भरी हुई बजरी जल्द टूटती है। यदि नगर निवासी चाहे तो करवाए गए निर्माण की जांच भी करवा सकते हैं।