संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। कौल में नहर के पास बनाए जा रहे सामुदायिक केंद्र के निर्माण में ग्रामीणों ने घटिया किस्म की सामग्री प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर अफसरों का कहना है कि गड़बड़ी की शिकायत पर काम को दोबारा करवाया जा रहा है।
ग्रामीण रणधीर सिंह, बलबीर सिंह, महिंद्र सिंह व बलबीर आर्य ने बताया कि पंचायत विभाग के माध्यम से कौल में सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाया जा रहा है। आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार निर्माण कार्य में घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग कर रहा है।
उनका कहना है कि इसकी शिकायत कुछ दिन पूर्व पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा से की थी। विधायक ने सैंपल लिए जाने की बात कही थी लेकिन यह किया नहीं गया। अधिकारियों ने भी घटिया सामग्री प्रयोग करने से नहीं रोका है।
सोमवार को मौके पर जाकर देखा कि सामुदायिक केंद्र में हॉल के फर्श का काम चल रहा था। इसमें मजदूरों ने 24 तसले रेत व 24 तसले बजरी और एक तसला सीमेंट का डाला। विरोध के बाद 13 रेत के 14 बजरी का एक सीमेंट का तसला डाला। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने काम को रोक दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी और किसी प्राइवेट लैब में अपने स्तर पर सैंपल की जांच करवाकर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस संबंध में पंचायती राज विभाग के जेई कर्मबीर ने बताया कि कौल में चल रहे निर्माण को उखड़वा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार को सही अनुपात में मसाला बनाने के लिए बोल दिया गया है। घटिया किस्म की सामग्री किसी भी सूरत में सहन नही की जाएगी। विधायक के दौरे के बाद निर्माण स्थल से सामग्री के सैंपल लेकर लैब में भेजे जा चुके है। अभी तक उनकी रिपोर्ट नही आई है।