पुलिस को शराब तस्करी की सूचना देने के शक पर व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने शहर थाना में केस दर्ज किया है।
बैंक कॉलोनी चंदाना रोड निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है कि 19 मई को वाल्मीकि बस्ती निवासी कप्पू ने उसे शराब बेचने की मुखबिरी देने का आरोप लगाया। इसके बाद अगले दिन देर रात्रि कप्पू, साजन, लवली, तोता व 8-10 लड़के लाठी, डंडे लेकर उनके घर में घुस गए। इसके बाद सभी आरोपियों ने उसे और उसके भाई सोनू के साथ मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने बाहर खड़ी पिकअप गाड़ी के शीशे भी तोड़े। इस दौरान लवली ने उसके गले से चांदी की चेन छीन ली। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।