संवाद न्यूज एजेंसी
कौल। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि महाविद्यालय कौल के अजय कुमार ने एनसीसी आर्मी विंग के राष्ट्रीय स्तर के ऑल इंडिया एनसीसी ट्रेकिंग शिविर में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। प्राचार्य डाॅ. ओपी चौधरी ने अजय कुमार को उसकी इस उपलब्धि पर सम्मानित किया।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डाॅ. आरएस गढ़वाल ने बताया कि यह शिविर एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड की ओर से नैनीताल के रानीबाग में 15 से 22 नवंबर तक लगाया। इसमें अजय कुमार ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ निदेशालय की तरफ से भाग लिया। शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए कैडेट्स ने एकता व अनुशासन के साथ अपनी-अपनी संस्कृति, वेशभूषा व भाषा का आदान प्रदान किया।
शिविर के दौरान कैडेट्स ने उत्तराखंड के पहाड़ों की विषम परिस्थितियों में ऊंची चोटियों पर चढ़ाई की एवं नए कीर्तिमान स्थापित किए। शिविर में विशेष तौर पर कैडेट्स को व्यक्तित्व विकास,साक्षात्कार कुशलता,नेतृत्व एवं विविधताओं में एकता का प्रशिक्षण दिया गया और विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दिखाया गया।
शिविर में अजय कुमार ने विभिन्न राज्यों से आए 510 कैडेट्स का नेतृत्व किया और बीएचएम की ड्यूटी निभाई। जिसके लिए 78 बटालियन एनसीसी हल्द्वानी के कमान अधिकारी ने प्रशंसा पत्र व स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। ऑफिसर अजय कुमार ने मंच संचालन में स्वर्ण पदक, रस्साकसी में कांस्य पदक सहित तीन पदक जीत कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।