कैथल। खंड स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन लड़कों की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं करवाई गई। तीसरे दिन की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी बिमला सिरोही ने किया। बुधवार को अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस तथा जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। सहायक शिक्षा अधिकारी खेल रमेश चहल ने बताया कि 23 जुलाई को लड़कियों की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ खंड स्तरीय खेलों का समापन हो जाएगा और जल्द ही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। उनमें खंड स्तर पर विजेता रही टीमें भाग लेंगी। इस मौके पर खेल सचिव एवं प्राचार्य मामचंद, जाट स्कूल के प्राचार्य नरेश राणा, एईईओ खेल कुलदीप शर्मा तथा जिला प्रधान विजेंद्र बेरवाल मौजूद रहे। प्रतियोगिता के समापन पर अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
ये रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम...
अंडर-14 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में लिटिल फ्लावर स्कूल के तनमय ने पहला तथा ओएसडीएवी स्कूल के सिद्धांत ने दूसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर में सरस्वती इंटरनेशनल स्कूल के नवदीप, 400 और 600 मीटर में राजकीय विद्यालय दीवाल के अनमोल विजेता रहे। लंबी कूद में आर्यवर्त स्कूल के आकाश, ऊंची कूद में ओएसडीएवी के भव्य जैन, शॉटपुट में दर्शन अकादमी के वर्णन और डिस्कस में मनप्रीत पहले स्थान पर रहे। 400 मीटर रिले में लिटिल फ्लावर स्कूल की टीम विजेता रही।
अंडर-17 वर्ग में 100 मीटर दौड़ में आर्यन स्कूल के तनिष, 200 मीटर में जाट स्कूल के देव शर्मा, 400 मीटर में दर्शन अकादमी के सक्षम, 800 मीटर में आर्यावर्त स्कूल के सुमित, 1500 मीटर में डिफेंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल क्योड़क के नीरज और 3000 मीटर में डीएवी पुलिस लाइन के हर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 वर्ग में 100 मीटर दौड़ में आर्यन स्कूल के अजय, 200 मीटर में आर्यन स्कूल के पुलकित, 400 मीटर में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, क्योड़क के सौरव, 800 और 1500 मीटर में जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मनजीत व 3000 मीटर में प्रिंस राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल ने स्वर्ण पदक जीता।
लंबी कूद में गुरदीप, ऊंची कूद में आदित्य, शॉटपुट में शाश्वत, डिस्कस में आदित्य और जैवलिन थ्रो में हर्ष अपने-अपने वर्ग में विजेता रहे।
खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी व अन्य। संवाद