कैथल। हरियाणा के सबसे बड़े एयरपोर्ट के लिए 7200 एकड़ जमीन की टाइटल डीड हो चुकी है, जहां सरकार इस वर्ष के अंत तक बड़ा एयरक्राफ्ट उतारेगी। इस एयरपोर्ट के बनने के बाद हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही यह एयरपोर्ट हरियाणा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह जानकारी हरियाणा के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कैथल में दी है। वे कैथल में सरकार की विकास संबंधी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे।
उन्होंने लोकसभा में उठे एयरपोर्ट के मुद्दे के सवाल पर कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी हरियाणा में एक भी पंजीकृत एयरपोर्ट नहीं था। प्रधानमंत्री ने आरसीएस के तहत कुछ फ्लाइट सेंक्शन की है। हरियाणा में बनने वाले एयरपोर्ट पर 10 हजार फुट की पट्टी लग चुकी है। उम्मीद है कि साल के आखिर में हम एक बड़ा एयरक्राफ्ट यहां उतार पाएंगे। एविशन के लिए 7200 एकड़ जमीन की टाइटल डीड हो चुकी है। इतनी अधिक जमीन दुनिया में किसी भी एयरपोर्ट के पास नहीं है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सभी 88 अर्बन लोकल बॉडी की एक-एक इंच जमीन का अक्षांश और देशांतर नापकर प्रॉपर्टी को कलमबद्ध किया गया है। अगर किसी नागरिक को इस पर ऑब्जेक्शन है तो हरियाणा सरकार ने नागरिकों के लिए एनडीसी पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करवाने का ऑप्शन उपलब्ध करवा दिया है, जिस पर संबंधित नागरिक आपत्ति दर्ज करवा सकता है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. गुप्ता ने कहा कि कोई भी नागरिक नगर दर्शन पोर्टल पर अपनी विकासात्मक मांगें डाल सकता है, जिस पर उस क्षेत्र का जन प्रतिनिधि 90 दिनों तक अपनी अनुशंसा देगा और उस कार्य को पूरा करवाने का कार्य संबंधित अधिकारी द्वारा किया जाएगा।