संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वायु प्रदूषण के स्तर के मामले में जिले के लोगों को थोड़ी और राहत मिली। अब वीरवार को वायु प्रदूषण का स्तर 175 पर पहुंच गया है। जिले में पराली जलाने के मामले कम होने के बाद एक्यूआई लगातार घट रहा है। वीरवार सुबह के समय वायु प्रदूषण का स्तर 159 रहा। इसके बाद फिर 175 पर पहुंच गया।
हालांकि वायु प्रदूषण का स्तर बुधवार को 193 पर था। बेशक वायु प्रदूषण का स्तर करीब एक सप्ताह के बाद कम हो गया है, लेकिन अभी भी सुबह के समय घना स्मॉग छा जाता है। यह चिंता का विषय जरूर है। इससे लगातार हो लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
आंखों की बढ़ी ओपीडी ः अब वायु प्रदूषण का स्तर तो कम हुआ है, लेकिन सुबह और शाम के समय आंखों में जलन की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में जिला नागरिक अस्पताल में आंखों और सांस के मरीजों की ओपीडी भी लगातार बढ़ रही है। वीरवार को भी अस्पताल में हुई आंखों की ओपीडी 150 के करीब रही।
जिला नागरिक अस्पताल के जिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि अस्पताल में भी जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया है। आंखों और सांस के मरीज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी में आने वाले मरीजों को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि किसी भी सूरत में खेतों में पराली न जलाएं। इससे आंखों और सांस की बीमारी लगातार बढ़ती है और सेहत खराब होती है।