कैथल। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार जिले में नव चयनित पटवारियों की प्रशिक्षण उपरांत परीक्षा 15 से 20 जनवरी तक कैथल आईटीआई में आयोजित की जा रही है। उपायुक्त अपराजिता के आदेशानुसार एसडीएम गुरविंद्र सिंह को परीक्षा का ओवरऑल इंचार्ज और नोडल अधिकारी डीआरओ चंद्रमोहन बनाए गए हैं।
एसडीएम गुरविंद्र सिंह ने वीरवार को परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को नकल रहित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
विज्ञापन
जिले में कुल 138 नव चयनित पटवारियों की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिनका एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। लिखित परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जा रही है। प्रातःकालीन सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। लिखित परीक्षाएं 15, 16 और 17 जनवरी को होंगी, जबकि 20 जनवरी को वाइवा आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। डीआरओ चंद्रमोहन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा को परीक्षा अधीक्षक तथा नायब तहसीलदार सीवन कुमारी मीनू कौशिक को उप-अधीक्षक बनाया गया है।